कैंची धाम में 14 और 15 नवंबर को भारी वाहनों की नो एंट्री, बसों और चौपहिया वाहनों के रूट भी बदले

 




पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध, श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा की व्यवस्था

नैनीताल, 13 नवंबर (हि.स.)। सप्ताहांत और अवकाश के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 14 और 15 नवंबर के लिए यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत दोनों दिन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।

पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित अवधि में भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। भीमताल की ओर से आने वाले वाहन चालक विकास भवन पार्किंग, भीमताल में वाहन खड़े करेंगे। यहां से शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे। वहीं, नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। यहां से भी श्रद्धालुओं को शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन निर्माणाधीन कच्चे दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से आवाजाही कर सकेंगे। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल और भवाली की ओर भेजा जाएगा।

पुलिस ने कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के साथ पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन भी पूर्णतः प्रतिबंधित किया है। नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित मार्गों, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा का उपयोग करने की अपील की है, ताकि यातायात जाम और असुविधा से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी