कबड्डी में जीआईसी नागदेव पथल्ड, खंडकरी की टीमें बनी विजेता
नई टिहरी, 02 सितंबर (हि.स.)। चंबा की ब्लॉक स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू हो गई। प्रतियोगिता में खिलाड़ी खो-खो, कबड्डी, वॉलीबाल की स्पर्धा में दमखम दिखाएंगे। सभी वर्ग की वॉलीबाल की स्पर्धाएं वीरवार को खेली जाएंगी। भारी बारिश के कारण पहले दिन कुछ ही मैच हो पाए।
बुधवार को बादशाहीथौल के बंगचाली खेल मैदान में क्रीड़ा प्रतियोगिता का बीईओ तस्लीम कुरैशी, ब्लॉक खेल समन्वयक यशपाल रावत, सभासद शक्ति प्रसाद जोशी, महेश पैन्यूली, अरविंद मखलोगा ओर दीपक गुनसोला ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल में जीतने के लिए अनुशासन और कड़ी मेहनत जरूरी है। व्यायाम शिक्षक चक्रधर भद्री ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में आयोजित की जा रही है। अंडर-14 बालक वर्ग कबड्डी में जीआईसी नागदेव पथल्ड विजेता, जीआईसी रानीचौरी उपविजेता, अंडर-19 कबड्डी बालिका वर्ग में जीआईसी खंडकरी विजेता, जीआईसी नागदेव पथल्ड उपविजेता, अंडर-14 खो-खो बालक वर्ग में टीएचडीसी इंटर कॉलेज विजेता और जीआईसी रानीचौरी उपविजेता, अंडर-17 बालिका वर्ग खो-खो में टीएचडीसी इंटर कॉलेज विजेता, जीआईसी ठांगधार उपविजेता बना।
इस मौके पर आयोजन विद्यालय जीआईसी रानीचौरी के प्रधानाचार्य दिवाकर अंथवाल, मनोज नेगी, भरत राम बडोनी माैजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी