कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में भुवनेश्वरी संस्कृत विद्यालय का दबदबा

 

पौड़ी गढ़वाल, 24 सितंबर (हि.स.)।उत्तराखंड संस्कृत संस्थान की ओर से आयोजित अष्टादश संस्कृत महोत्सव के तहत खंडस्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय, भुवनेश्वरी में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में कनिष्ठ और वरिष्ठ दोनों वर्गों में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान हासिल किए।

प्रतियोगिता में नाटक, आशुभाषण, वाद-विवाद, श्लोकोच्चारण, समूहगान और समूह नृत्य की प्रतियोगिताएं हुईं। कनिष्ठ वर्ग में भुवनेश्वरी विद्यालय ने नाटक, आशुभाषण, वाद-विवाद और श्लोकोच्चारण में प्रथम, समूह नृत्य में द्वितीय तथा समूहगान में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में नाटक, आशुभाषण, वाद-विवाद, श्लोकोच्चारण और समूह नृत्य में प्रथम तथा समूहगान में द्वितीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य अनसूया प्रसाद सुंदरियाल, छात्रावास अधीक्षक नवीन जुयाल और अनिल गुसाईं ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग सहित कोट विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संचालन डॉ. अनूप कुकरेती और डॉ. नवीन ममगाईं ने किया।

समापन अवसर पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग के निदेशक डॉ. सुब्रमण्यम और बीजीआर कैंपस पौड़ी के संस्कृत विभाग के दिनेश पांडे मौजूद रहे। डॉ. सुब्रमण्यम ने कहा कि संस्कृत को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों को इसे जीवन का हिस्सा बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। दिनेश पांडे ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को मंच देने के साथ उनमें संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। डॉ. नवीन ममगाईं ने बताया कि खंड स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। खंड संयोजक डॉ. विश्वक्सेन ने सभी प्रतिभागी दलों, दल शिक्षकों, निर्णायकों और विद्यालय परिवार का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह