पहाड़ी से भारी मलबा आने से बाधित हुआ जोशीमठ-नीती हाईवे
-पपड़ीधार के पास सड़क चौड़ीकरण के दौरान दरकी पहाड़ी, वाहनों की लगी लंबी कतार
गोपेश्वर, 10 मई (हि. स.)। चमोली जिले के सीमांत क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण ज्योतिर्मठ-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को ढाक गांव के समीप पपड़ीधार के पास भारी मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो गया। घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया, जिससे बड़ी मात्रा में पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा। हाईवे बंद होने से नीती-मलारी घाटी की ओर जाने वाले स्थानीय लोगों, सेना के वाहनों और जरूरी सामान लेकर जा रहे वाहन घंटों तक फंसे रहे।
ढाक गांव के प्रधान मोहन बजवाल और लक्ष्मण बुटोला ने बताया कि वे किसी कार्य से जोशीमठ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पपड़ीधार के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा था, तभी पहाड़ी का हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा और हाईवे बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मशीनों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर गिरने के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। बीआरओ की ओर से मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य और मौसम में बदलाव के चलते इन दिनों पहाड़ियों से मलबा गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय