सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट, एटीएस, बम निरोधक दस्ता और पुलिस का संयुक्त सर्च अभियान
हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर बुधवार को एटीएस, बम निरोधक दस्ता तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर व्यापक सर्च अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीमों ने नगर निगम कार्यालय परिसर, रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन तथा ऋषिकुल क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, यात्री प्रतीक्षालयों, पार्किंग क्षेत्रों, भवन परिसरों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की बारीकी से जांच की गई। बम निरोधक दस्ते ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं एवं संभावित सुरक्षा खतरों की जांच की, जबकि एटीएस एवं स्थानीय पुलिस ने आने-जाने वाले लोगों पर सतर्क निगरानी बनाए रखी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए जनपद के प्रमुख सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों अथवा सुरक्षा संबंधी खतरे को समय रहते चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आम नागरिकों, यात्रियों एवं संबंधित संस्थानों के कर्मचारियों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, कानून व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें और किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला