जापान-जर्मनी में नौकरी का मौका, युवाओं को मिलेगा भाषा प्रशिक्षण

 

हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत उत्तराखंड के युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है। जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार की ओर से जापानी और जर्मन भाषा का छह से आठ माह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाना प्रस्तावित है।

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार जापान में केयर गिवर के पदों के लिए इंटर पास तथा जीजीए/एएनएम प्रशिक्षित 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग की महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। वहीं जर्मनी में असिस्टेंट नर्स के पदों के लिए बीएससी नर्सिंग अथवा जीएनएम उत्तीर्ण 21 से 35 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

जापान के प्रशिक्षण के लिए 64 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि जर्मनी का प्रशिक्षण निःशुल्क रहेगा। जर्मनी प्रशिक्षण के लिए 30 हजार रुपये की जमानत राशि देय होगी। उत्तराखंड सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशिक्षणार्थियों को निःशुल्क भोजन और आवास, प्रशिक्षण शुल्क पर 20 प्रतिशत अनुदान तथा प्रशिक्षण के लिए लिए गए ऋण के ब्याज पर 75 प्रतिशत अनुदान की सुविधा भी मिलेगी।

जिला सेवायोजन कार्यालय ने पात्र एवं इच्छुक युवाओं से किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय पहुंचकर योजना की विस्तृत जानकारी लेने और पंजीकरण कराने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला