अमर शहीद वत्स की 101वीं जयंती पर होगा समारोह
हरिद्वार, 23 जुलाई (हि.स.)। अमर शहीद जगदीश वत्स की 101वीं जन्म जयंती के अवसर पर 25 जुलाई को हरिद्वार प्रशासन की ओर से पुल जटवाड़ा स्थित जगदीश वत्स पार्क में भव्य स्मृति समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में जिले के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के अनुरोध पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा हुआ है। समारोह में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक व प्रदीप बत्रा, विधायक आदेश चौहान, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, जिला विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा सहित कई अतिथियों के उपस्थित रहने की संभावना है। समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि इस अवसर पर हरिद्वार के उन वरिष्ठ पत्रकारों को जगदीश वत्स सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से समाज के सामने रखा है। सम्मानस्वरूप उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेश मोहन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य अमर शहीद जगदीश वत्स के बलिदान को नमन करने के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के योगदान को सम्मानित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला