अंतर-महाविद्यालयी पुरुष वॉलीबॉल का खिताब श्रीनगर परिसर के नाम

 


नई टिहरी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल टिहरी में आयोजित अंतर-महाविद्यालयी पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब भी बिरला परिसर श्रीनगर परिसर की टीम ने जीत लिया। इससे पहले महिला वर्ग में भी बिरला परिसर विजेता बना था। विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

वीरवार को बादशाहीथौल मैदान में प्रतियोगिता का खेल परिषद के सदस्य डॉ. एसके चतुर्वेदी, खेल सचिव डॉ. केसी पेटवाल ने शुभारंभ किया। डॉ. पेटवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय की पुरुष टीम उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता में पंजाब विश्वविद्यालय जबकि महिला टीम लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रदेश के नेतृत्व करेगी। उद्घाटन प्रथम मैच में राठ महाविद्यालय पैठाणी ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी देहरादून को 25-16, 25-19 से जीत दर्ज की।

दूसरे मैच में परिसर टिहरी ने डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून को 25-16, 25-10 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। जबकि डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने कॉमर्स कॉलेज ऋषिकेश को 25-19, 25-23 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंचा। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में डीएवी ने टिहरी को 25-23, 25-22 जबकि दूसरे सेमीफाइनल में श्रीनगर परिसर ने राठ महाविद्यालय पैठाणी को 25-19, 25-20 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में श्रीनगर परिसर ने डीएवी पीजी कॉलेज को 25-11, 25-15 से हराकर अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।

परिसर निदेशक प्रो. एए बौडाई ने विजेता और उपवविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व निदेशक प्रो. आरसी रमोला, प्रो. पीडी सेमल्टी, प्रो. एबी थपलियाल, प्रो. यूएस नेगी, प्रो. शंकर लाल, डॉ. मनोज नौटियाल, डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. सना रफी, डा. राजेश्वरी चौधरी, छात्रसंघ अध्यक्ष राजन सजवाण, नैतिक कुमार, मृदुल मखलोगा, सुनील रावत मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी