अंतर-महाविद्यालयी सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
पौड़ी गढ़वाल, 20 मार्च (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालयी सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम का अंतिम दिन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। मौसम में बदलाव और भारी बारिश के कारण प्रतियोगिताओं के स्थानों में परिवर्तन किया गया, लेकिन प्रतिभागियों के जोश में कोई कमी नहीं देखी गई।
बारिश को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतियोगिताएं सीनेट सभागार और एसीएल सभागार में आयोजित कराईं। एसीएल सभागार में कव्वाली और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते लोकनृत्य में विभिन्न टीमों ने आकर्षक प्रदर्शन किया।
सीनेट सभागार में छात्र-छात्राओं ने मिमिक्री और माइम के माध्यम से समसामयिक विषयों पर व्यंग्य प्रस्तुत करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए अपने छात्र राजनीति के अनुभव साझा किए और कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत इसी विश्वविद्यालय से हुई।
उन्होंने छात्रसंघ पदाधिकारियों को मंच पर आमंत्रित करते हुए युवाओं को सकारात्मकता और सेवा भाव के साथ राजनीति में आगे बढ़ने की सलाह दी। साथ ही शिक्षकों के मार्गदर्शन के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में प्रो. एचबीएस चौहान, प्रो. मोहन सिंह पंवार, प्रो. दीपक कुमार, प्रो. अतुल ध्यानी, प्रो. राकेश कुंवर और प्रो. अरुण रावत सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह