गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में अंतर ब्रांच क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू

 


हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में अंतर ब्रांच क्रिकेट टूर्नामेंट का आज शुभारंभ उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. अमन गुप्ता ने पहली गेंद खेलकर किया।

इस अवसर पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। नियमित खेल गतिविधियों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अकादमिक गतिविधियों के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के दबाव के बीच खेल विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखने और स्वस्थ रहने में मदद करते हैं।

टूर्नामेंट संयोजक डॉ. धर्मेंद्र बालियान ने बताया कि प्रतियोगिता में संकाय की विभिन्न ब्रांचों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।

सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मयंक पोखरियाल ने कहा कि खेल भावना विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन फिट इंडिया की भावना को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर संकाय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला