कांवड़ मेले से पहले हाई अलर्ट: मनसा देवी-चंडी देवी मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान
हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेला एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी के निर्देश पर बम निरोधक दस्ता द्वारा मां मनसा देवी एवं चंडी देवी मंदिर मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ता टीम ने मंदिर परिसर, रोपवे स्टेशन, पैदल मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों की गहन जांच की। सुरक्षा की दृष्टि से संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई तथा प्रत्येक संवेदनशील स्थान की बारीकी से तलाशी ली।
पुलिस ने बताया कि कांवड़ मेले और आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में लगातार सुरक्षा जांच, निगरानी और सतर्कता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी किया जा सके।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला