पुलिस महानिरीक्षक रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

 


हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। पुलिस महानिरीक्षक, रेलवे उत्तराखंड कृष्ण कुमार वी.के. ने आज जीआरपी पुलिस लाइन एवं मुख्यालय हरिद्वार का निरीक्षण कर अपराध व प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेलवे यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिस महानिरीक्षक ने थानावार अपराध समीक्षा करते हुए लंबित मामलों, विवेचनाओं और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि रेलवे मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। चोरी, लूट, चेन स्नैचिंग एवं जहरखुरानी जैसी घटनाओं के शीघ्र खुलासे तथा बरामदगी प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही लंबित अभियोगों का त्वरित निस्तारण एवं संबंधित संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की जाए। आईजी रेलवे ने न्यायालय से प्राप्त आदेशों की समयबद्ध तामील, पुराने लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी व थानों में लंबित मालों के नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की रोटेशन प्रणाली लागू करने, शराब के नशे में ट्रेन में यात्रा करने वालों के विरुद्ध चालान अभियान चलाने तथा अज्ञात रनओवर मामलों में मृतकों की पहचान के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए गए। मानव तस्करी की रोकथाम के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने तथा आगामी त्योहारों एवं कांवड़ मेला-2026 को देखते हुए बीडीएस एवं श्वान दल द्वारा रेलवे स्टेशनों पर सघन तलाशी अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।आईजी रेलवे ने वारंटों की शत-प्रतिशत तामील, इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने, विभिन्न पुलिस पोर्टलों को अद्यतन रखने तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर बल दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक रेलवे सुश्री अरुणा भारती, पुलिस उपाधीक्षक अनुज, सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला