गुरुकुल कांगड़ी में नवप्रवेशित फार्मेसी छात्रों का दीक्षारंभ समारोह
हरिद्वार, 9 सितंबर(हि. स.)। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के भेषज विज्ञान विभाग में नवप्रवेशित छात्रों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया। बी.फार्मा, डी.फार्मा और एम.फार्मा प्रथम वर्ष के छात्रों ने भाग लिया।
कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने कहा कि यह तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का दौर है, लेकिन इसके अत्यधिक उपयोग-दुरुपयोग से समाज में एकाकीपन, अवसाद और वैमनस्यता बढ़ रही है। ऐसे में गुरुकुलीय शिक्षा पद्धति की प्रासंगिकता फिर बढ़ गई है। गुरुकुल में विद्यार्थी गुरु के सानिध्य में रहकर ज्ञान और संस्कार प्राप्त करता है, जहां गुरु छात्र की देखभाल वैसे ही करता है जैसे माता गर्भस्थ शिशु की करती है।
यज्ञ के ब्रह्मा डॉ. दीनदयाल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन परिश्रम, संयम और दृढ़ लगन का समय है। छात्रों को सत्य, सात्विकता और अनुशासन के साथ जीवन जीना चाहिए।
विभागाध्यक्ष प्रो. सतेन्द्र राजपूत ने छात्रों को पाठ्यक्रमों की जानकारी दी और कहा कि उनके पास तकनीकी शिक्षा को उच्च गुणवत्ता तक ले जाने का अवसर है, जिसका उपयोग कर वे स्वयं, परिवार, विश्वविद्यालय और राष्ट्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक हवन और आहुतियों के साथ हुई। समारोह में डॉ. पीयूष सिंघल संयोजक, डॉ. नितिन बिश्नोई समिति अध्यक्ष और रोहित भारद्वाज मौजूद रहे। इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. प्रिंस प्रशांत शर्मा, राहुल सिंह सहित कई शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला