इंडो नेपाल कराटे चैंपियनशिप में आशिहारा के खिलाड़ियों ने जीते छह गोल्ड मेडल
हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)। इंडो नेपाल कराटे चैंपियनशिप में शानदान प्रदर्शन करते हुए आशिहारा कराटे मिक्स मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण और 1 कांस्य सहित सात पदक प्राप्त किए हैं।
आशिहारा के उत्तराखंड चीफ अमित कुमार चौधरी ने बताया कि वेस्ट बंगाल में 13-14 जून को आयोजित चैंपियनशिप में छह सौ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें नेपाल के दौ सौ और भारत के चार सौ खिलाड़ी शामिल हैं।
अमित कुमार चौधरी ने बताया प्रतियोगिता में आशिहारा के 7 खिलाड़ी शामिल हुए। जिनमें से दक्ष शर्मा, कुलश्रेष्ठ, निहाल शर्मा, श्रेयसी भारद्वाज, अजय शर्मा और रोहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीते। जबकि आरुषि पुंडीर ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
अमित कुमार चौधरी ने बताया कि आशिहारा के सभी खिलाड़ियों ने एकाग्रता के साथ अपने खेल पर फोकस करते हुए शानदान परिणाम हासिल करते हुए अपने देश, राज्य और जिले का नाम रोशन किया है। श्वेता, सुमन चौधरी, संदीप पाठक, श्रद्धा शर्मा, दुर्गावती देवी, सुनील मौर्य, विजय तिवारी, किशोर आदि ने सभी खिलाड़ियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला