सीमांत ज्योतिर्मठ और माणा में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ज्योतिर्मठ, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत-चीन सीमा की अग्रिम चौकियों, देश के प्रथम गांव माणा और सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नीती-माणा घाटियों के साथ भारत-तिब्बत-चीन सीमा से सटी अग्रिम चौकियों पर भी जवानों ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
देश के प्रथम गांव माणा में आईबैक्स ब्रिगेड के जवानों और आईटीबीपी के हिमवीरों ने ग्रामीणों के साथ तिरंगा रैली निकालकर आजादी का जश्न मनाया। इस दौरान भारत माता के जयघोष से सीमांत क्षेत्र गूंज उठा।
सीमांत पैनखंडा के मुख्यालय ज्योतिर्मठ में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य आयोजन हुआ। नगर के विद्यालयों की प्रभातफेरी के बाद खेल मैदान रविग्राम में सामूहिक मार्च पास्ट का भव्य आयोजन किया गया। ध्वजारोहण के बाद नगर पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने मार्च पास्ट की सलामी ली।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत स्थानीय गांधी मैदान में रंगारंग प्रतियोगितात्मक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण