परेड ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह, जिलाधिकारी ने की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा

 


देहरादून, 07 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समारोह को गरिमापूर्ण, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समारोह स्थल पर सीटिंग प्लान, पेयजल व्यवस्था,साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है, इसलिए समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को अतिथियों और आमजन के लिए व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल उपलब्धता तथा समारोह स्थल और आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थल चिन्हित करने और आवश्यक रूट डायवर्जन की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही समारोह स्थल का पूर्व निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय