स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

 


हरिद्वार, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने को लेकर की जाने वाली तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में कार्यक्रम निर्धारण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण से पूर्व देशभक्ति गीत वंदेमातरम् का गायन किया जाएगा। इसके बाद ध्वजारोहण और ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं प्रातः 9.30 बजे जिला कार्यालय परिसर में मुख्य अतिथिध्जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके साथ ही विद्यालयों में खेलकूद, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी मुख्य शिक्षा अधिकारी को दी गई है।

जिलाधिकारी ने 14 अगस्त की रात्रि से सभी सरकारी भवनों एवं इमारतों को प्रकाशमान करने के निर्देश दिए। इसके लिए कम वोल्टेज वाले एलईडी बल्बों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 11 बजे तक जनपद के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशप्रेम एवं देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। इसकी व्यवस्था जिला सूचना अधिकारी द्वारा की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खेल विभाग द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों द्वारा जनपद के विभिन्न स्मारकों, प्रतिमाओं एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।

कांवड़ मेले के बाद विशेष स्वच्छता अभियान

जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के सफल आयोजन के बाद जनपद में फैले कूड़ा-कचरे की सफाई के लिए 12 अगस्त से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने तथा आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों को भी अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने कार्यालय परिसरों एवं परिसंपत्तियों में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए व्यापक वृक्षारोपण करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, सीओ सदर एसपी बलूनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला