रामेश्वर आश्रम धाम में ‘राम रसोई’ का शुभारंभ

 


हरिद्वार, 19 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सन्यास रोड स्थित रामेश्वर आश्रम धाम में ‘राम रसोई’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद, अखाड़ा सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी, स्वामी गिरधर गिरी, महंत देवानंद सरस्वती, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि हरिद्वार में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘राम रसोई’ की शुरुआत की गई है, जहां दिनभर नि:शुल्क भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि चारधाम यात्रा, कांवड़ मेला और विभिन्न स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह पहल अत्यंत उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम में धनंजय, राहुल, अमित, सचिन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला