चालीस साल का इंतजार खत्म, लक्सर बाजार और रायसी पुलिस चौकियों को मिला स्थायी भवन

 


हरिद्वार, 06 जुलाई (हि.स.)। करीब चार दशक से किराये के भवनों में संचालित हो रही लक्सर बाजार और रायसी पुलिस चौकियों को आखिरकार अपना स्थायी आशियाना मिल गया। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच दोनों नव-निर्मित भवनों का उद्घाटन कर उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित किया।

करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन आधुनिक पुलिस चौकियों के शुरू होने से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं आम जनता को भी अधिक व्यवस्थित और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उद्घाटन समारोह में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यह सिर्फ भवनों का उद्घाटन नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्षम, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि अब सुल्तानपुर पुलिस चौकी, जो पिछले लगभग 30 वर्षों से किराये की दुकानों में संचालित हो रही है, उसके नए भवन का प्रस्ताव भी तैयार है और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

एसएसपी ने कहा कि आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए पुलिस के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में मजबूत आधारभूत ढांचा पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा। उद्घाटन समारोह में एसपी देहात, सीओ लक्सर समेत कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इसे लक्सर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उम्मीद जताई कि नए भवनों से पुलिसिंग और अधिक प्रभावी तथा जनहितैषी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला