राठ महाविद्यालय ने जीता महिला फुटबाल का उद्घाटन मैच

 

पौड़ी गढ़वाल, 25 नवंबर (हि.स.)।गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित अंतरमहाविद्यालय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबले में राठ महाविद्यालय पैठाणी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पौड़ी कैंपस को 5-0 के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। वहीं, दूसरे संघर्षपूर्ण मुकाबले में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने बिडला कैंपस श्रीनगर को 2-0 से हराकर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की।

प्रतियोगिता के आधार पर गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की महिला फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा, जो आगामी नॉर्थ जोन अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। बुधवार को आयोजित प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चमोली और राठ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र नेगी ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चमोली ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल से जुड़े कई महत्वपूर्ण विचार साझा किए। कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा पैदा करते हैं।

राजेश चमोली ने कहा कि आज महिला खिलाड़ी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और फुटबॉल जैसे ऊर्जावान खेल में उनकी बढ़ती भागीदारी पहाड़ और प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने महाविद्यालय में स्पोर्ट्स कल्चर विकसित करने के प्रयासों की सराहना की और आयोजकों व प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्राचार्य डॉ. जितेंद्र नेगी ने प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर देने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर डॉ. गोपेश सिंह, राम सिंह नेगी, क्रीड़ा सचिव डॉ. मंजीत भंडारी और राज कुमार पॉल सहित चयनकर्ता भगवत मीर, पर्यवेक्षक मनोज रावत, वंदना डोभाल, डॉ. विपिन कुमार, दिनेश दीक्षित आदि शामिल रहे। मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका वीरेंद्र बिष्ट ने निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह