बिना लाइसेंस मांस बेचने और भंडारण करने पर तीन लोग हिरासत में
विकासनगर, 27 सितंबर (हि.स.)। विकासनगर की कोतवाली पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस या अनुमति के मांस बेचने और उसका भंडारण करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में मांस की दुकानों और संबंधित प्रतिष्ठानों का जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कई दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की। इसी क्रम में तीन पशु मांस विक्रेता बिना वैध लाइसेंस या आवश्यक अनुमति के मांस का विक्रय और भंडारण करते पाए गए।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही उन्हें स्पष्ट हिदायत दी गई कि सक्षम प्राधिकारी से वैध लाइसेंस या अनुमति प्राप्त किए बिना मांस की बिक्री अथवा उसका भंडारण नहीं किया जाए।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान रईस (36), इसरार (50) और जीशान (40) के रूप में हुई है। सभी कुरैशी मोहल्ला, जीवनगढ़, विकासनगर के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच और सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय