अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफाेड़, 32 सिलेंडर सहित उपकरण बरामद
-निरंजनपुर में बंद पेट्रोल पंप पर चल रही थी अवैध रिफिलिंग
देहरादून,19 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिशार की देर रात जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम ने निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास स्थित एक बंद पेट्रोल पंप में छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया। टीम ले यहां से 32 सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा 327 गैस सिलेंडर लदे एक वाहन को भी कब्जे में लिया गया।
प्रशासन काे सूचना मिली थी कि सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के पास स्थित बंद पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग हाे रही है। इसके बाद प्रशासन के दल ने देर रात 12 बजे बंद पेट्राेल पंप पर छापा मारा। टीम काे देखते गैस सिलेंडर लदेखाक चालक मौके से फरार हो गया। वाहन स्वामी से संपर्क में पता चला कि सिलेंडर लोनी बॉटलिंग प्लांट से लाए गए थे। प्रशासन ने यहां से 27 घरेलू, 4 छोटे और 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर सहित कुल 32 सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण बरामद किए। टीम ने माैके पर गैस सिलेंडर लदे एक वाहन काे भी कब्जे में लिया है। प्रशासन की यहकार्रवाई सुबह 4 बजे तक चली
प्रशासन के अनुसार प्रथमदृष्टया सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने का मामला सामने आया है। टीम ने इस मामले में पटेल नगर थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय