छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन से अवैध कब्जे हटेंगे

 


देहरादून, 22 सितंबर (हि.स.)। छह नंबर पुलिया स्थित स्मार्ट वेंडिंग जोन में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। महापौर सौरभ थपलियाल ने अधिकारियों को वेंडिंग जोन में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार केवल एक लाइन में फल-सब्जी की दुकानें संचालित कराने तथा सड़क पर किए गए अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।

मंगलवार को पार्षद मेहरबान भंडारी ने स्थानीय लोगों के साथ महापौर से मुलाकात कर छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्धारित एक लाइन के अलावा आगे की ओर खोखे और अन्य दुकानें लगाए जाने से सड़क पर डबल लाइन की स्थिति बन रही है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।

महापौर ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वेंडिंग जोन में केवल निर्धारित स्थान और एक लाइन में ही दुकानें संचालित होंगी। सड़क अथवा निर्धारित वेंडिंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित तरीके से दुकानें लगाने के लिए लाइन निर्धारित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य वेंडिंग जोन में व्यवस्थित तरीके से कारोबार करने वाले लोगों के हितों को सुरक्षित रखने के साथ आम जनता और वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। इसके लिए वेंडिंग जोन की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय