आईएफएस संघ उत्तराखंड चैप्टर की नई कार्यकारिणी निर्वाचित, सुरेंद्र मेहरा अध्यक्ष बने
देहरादून, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय वन सेवा (आईएफएस) संघ के उत्तराखंड चैप्टर की नई कार्यकारिणी का शनिवार को देहरादून में निर्वाचन किया गया। आम सभा की बैठक में सुरेंद्र मेहरा को संघ का अध्यक्ष और धर्म सिंह मीणा को महासचिव चुना गया। बैठक में उत्तराखंड के सतत विकास, मिशन 2047, मानव-वन्यजीव संघर्ष के समाधान और वन एवं जैव विविधता संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में तेजस्विनी पाटिल और धीरज पांडेय को उपाध्यक्ष,बीजू लाल को सांस्कृतिक सचिव तथा नीतू लक्ष्मी और चंद्रशेखर जोशी को संयुक्त सचिव चुना गया। स्वप्निल कोषाध्यक्ष, जबकि अमित कुमार और दिगंत खेल सचिव निर्वाचित हुए। वैभव कुमार, हिमांशु बागड़ी, डीपी बलूनी, सरीन पंडित और ध्रुव मर्तोलिया कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।
आम सभा में वन विभाग की भूमिका को उत्तराखंड के विकास और वर्ष 2047 तक विकसित राज्य के लक्ष्य से जोड़ते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पारिस्थितिकीय संतुलन और स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में वन आधारित आजीविका, इको-टूरिज्म, गैर-काष्ठ वन उत्पादों और स्थानीय उद्यमिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा जल स्रोतों के पुनर्जीवन, वन पुनर्स्थापन, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में तकनीक एवं अनुसंधान के उपयोग पर सुझाव रखे गए।
बैठक में भारतीय वन सेवा के अधिकारियों के सेवा संबंधी मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। इनमें आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के संदर्भ में वेतन समानता, कैडर प्रबंधन, रिक्त पदों, पदोन्नति और सेवा संबंधी विसंगतियों के निराकरण पर चर्चा हुई। इसके साथ ही अधिकारियों की वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन (पीएआर/एसीआर) व्यवस्था में सुधार, प्रशासनिक सुविधाओं, वाहन सुविधा और सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों तथा वन कार्मिकों के कल्याण से जुड़े विषयों पर भी विचार किया गया।
संघ की गतिविधियों और वित्तीय स्थिति की समीक्षा के साथ लंबित मांगों एवं पूर्व में सौंपे गए अभ्यावेदनों पर आगे की कार्रवाई की रणनीति भी तय की गई। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने अधिकारियों के सामूहिक हितों के संरक्षण और वन सेवा की संस्थागत भूमिका मजबूत करने के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में अध्यक्ष और महासचिव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संघ को एकजुट और प्रभावी मंच बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय