चम्पावत में पूर्व सैनिकों के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना का रास्ता साफ
-रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र भेजकर ‘टाइप डी’ पॉलीक्लिनिक के प्रस्ताव पर उचित विचार का दिया आश्वासन
देहरादून, 03 सितंबर (हि. स.)। चम्पावत जनपद में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर चम्पावत में भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के तहत पॉलीक्लिनिक स्थापित किए जाने के प्रस्ताव पर उचित विचार किए जाने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व में केंद्रीय रक्षा मंत्री से चम्पावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित किए जाने का अनुरोध किया था। इसके बाद रक्षा मंत्रालय की ओर से इस मामले की जांच कराई गई।
रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि ईसीएचएस के केंद्रीय संगठन को चम्पावत में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ‘टाइप डी’ पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाएगा।
चम्पावत समेत सीमांत क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार निवास करते हैं। ऐसे में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना होने से उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी। स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह विषय केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा था। रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख सामने आने के बाद चम्पावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना की दिशा में आगे की कार्रवाई की उम्मीद बढ़ी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय