विष्णु घाट में भरभराकर गिरा मकान, फायर सर्विस ने मलबे से चार लोगों को जिंदा निकाला

 


हरिद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। विष्णु घाट के समीप काली कमली क्षेत्र में गुरुवार को एक मकान अचानक ढह जाने से चार लोग मलबे में फंस गए। सूचना मिलते ही फायर सर्विस मायापुर की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

फायर सर्विस को 9 जुलाई को एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि काली कमली क्षेत्र में स्थित एक मकान गिर गया है और उसमें चार लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में चालक प्रकाश मनोरी, फायरमैन चंद्र प्रकाश नौटियाल, मातबर सिंह तोमर, सुरेश तथा फायर वूमन दीपाली वर्मा की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

बचाव अभियान के दौरान टीम ने बिना समय गंवाए मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना शुरू किया। इनमें एक व्यक्ति बीमार था और चलने-फिरने में असमर्थ था, जिसे फायर सर्विस कर्मियों ने स्ट्रेचर की सहायता से सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

फायर सर्विस की तत्परता, पेशेवर दक्षता और सूझबूझ के चलते सभी चार लोगों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी और एक बड़ा हादसा टल गया। बचाव अभियान के दौरान टीम ने पूरी सतर्कता के साथ राहत कार्य को अंजाम दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला