मोदी-योगी और धामी की दीर्घायु को संतों ने की हनुमान जी से प्रार्थना

 


हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना को लेकर शनिवार को श्री अवधूत मंडल आश्रम स्थित बाबा हीरादास हनुमान मंदिर में संत समागम और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

आश्रम के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद देव महाराज के नेतृत्व में संतों ने हनुमान जी से तीनों नेताओं के स्वस्थ और दीर्घायु होने की प्रार्थना की।महामंडलेश्वर ने कहा कि मोदी, योगी और धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। विकास की गति बनाए रखने के लिए इनका नेतृत्व आवश्यक है। उन्होंने आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए जनता से एकजुट होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर साध्वी नेहा आनंद देव, स्वामी सुरेशानंद, स्वामी आशुतोषानंद, स्वामी गणेशनाथ, स्वामी गोविंद दास सहित अनेक संत और श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला