युवती के अस्पताल पहुंचने के बाद खुला मामला, पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई
चंपावत, 14 जून (हि.स.)। थाना बनबसा क्षेत्र में एक युवती के लापता होने के बाद सामने आए मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार 13 जून को एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना थाना बनबसा में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि युवती एक युवक के संपर्क में थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
इस बीच युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय देखरेख के दौरान उसने एक नवजात शिशु को जन्म दिया, जिसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल से मिली जानकारी और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया है।
मामले में दो अलग-अलग समुदायों के लोगों के जुड़े होने की चर्चा के बीच क्षेत्र में संवेदनशीलता का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है और लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संबंधित युवक की भूमिका की जांच की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित कुछ हिंदूवादी संगठनों ने मामले में विरोध दर्ज कराया है। संगठनों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को कानून के तहत सख्त सजा मिलनी चाहिए।
वहीं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी साझा न करें तथा जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क निगरानी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी