होरीबा प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति व स्नातकोत्तर पुरस्कार से आईआईटी रुड़की के 16 विद्यार्थी सम्मानित
हरिद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(आईआईटी) रुड़की में जापान के स्वामित्व वाली कंपनी होरीबा लिमिटेड (भारत) ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत 16 मेधावी विद्यार्थियों को “होरीबा प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति” तथा “होरीबा भारत स्नातकोत्तर पुरस्कार 2025-26” प्रदान किए। समारोह का आयोजन संस्थान परिसर में गरिमामय वातावरण में हुआ।
होरीबा ने 10 स्नातक विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए एकमुश्त आंशिक शिक्षण शुल्क छूट दी, जबकि 6 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. के. के. पंत, राजीव गौतम(अध्यक्ष, होरीबा भारत), प्रो. आर. डी. गर्ग तथा प्रो. अनिल कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। डॉ. राजीव गौतम ने बताया कि वर्ष 2023 में प्रारंभ की गई यह पहल विद्यार्थियों का आर्थिक बोझ कम कर उन्हें उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर कार्बन रूपांतरण एवं उन्नत शक्ति उपकरणों से संबंधित दो शोध परियोजनाओं हेतु समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान भी किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन और संस्थान से जुड़े रहने का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला