होली मिलन कार्यक्रमों की रही धूम

 


पौड़ी गढ़वाल, 03 मार्च (हि.स.)। होली पर्व को लेकर मंगलवार को भी होली मिलन कार्यक्रमों की धूम रही। मंडल मुख्यायल से लेकर ग्रामीण इलाकों तक होली मिलन कार्यक्रमों में लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ग्राम कपरोली, जल्लू, नैनी में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस दौरान गोदियाल ने जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान को लेकर सार्थक चर्चा की। भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन कार्यक्रम मनाया। श्रीनगर रोड में कांग्रेस नेता विनोद दनोशी ने स्थानीय ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली मिलन कार्यक्रम मनाया।

वहीं, गढ़वाल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी से होली का पर्व सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है। कहा कि वर्तमान में फायर सीजन चल रहा है, इसलिए होली के दौरान जंगलों में पिकनिक मनाने, आग जलाने या धूम्रपान करने से बचें। कहा कि होली का पर्व पर्यावरण हितैषी तरीके से मनाना चाहिए।

कहा कि छोटी सी चिंगारी भी बड़ी आग का रूप ले सकती है, जिससे जंगलों, वन्यजीवों और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने सभी से होली का पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी तरीके से मनाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह