पौड़ी में होली मिलन कार्यक्रमों में जमकर उड़ा गुलाल
पौड़ी गढ़वाल, 02 मार्च (हि.स.)। होली पर विभिन्न स्थानों में होली मिलन कार्यक्रमों की धूम रही। विधायक कार्यालय, रामलीला मैदान, कंडोलिया पार्क सहित कई स्थानों पर होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सोमवार को विधायक पौड़ी कार्यालय में होली के गीतों की धूम रही। लोगों के साथ विधायक राजकुमार पोरी झूमते नजर आए। कंडोलिया थीम पार्क में होली मिलन कार्यक्रम पर अबीर-गुलाल उड़ा होली के पर्व की खुशियां बांटी। वहीं रामलीला मैदान में पालिकाध्यक्ष पौड़ी की पहल पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
विधायक राजकुमार पोरी के कार्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक ने कहा कि होली का पर्व बसंत के आगमन का प्रतीक पर्व है। हम एक-दूसरे को प्रकृति के रंगों से रंगकर खुशियां बांटते हैं। कार्यक्रम में लोक कलाकार भक्ति शाह व उनकी टीम ने ऐगे फागुण मैना खेला होली सहित अनेक गीतों की शानदार प्रस्तुतियों पर होल्यारों को थिरकने पर मजबूर किया।
कंडोलिया थीम पार्क में पूर्व आईएएस व कांग्रेस नेता सुंदर लाल मुख्यालय की ओर से होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक कलाकार राकेश मंद्रवाल व उनकी टीम ने जय कंडोलिया देव की, जय हो माता भवानी सहित कई होली गीतों की प्रस्तुति पर वाहवाही बटोरी। पालिकाध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी की पहल पर रामलीला मैदान में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां एकत्र हुए होल्यारों की टोली एजेंसी चौक पहुंची।
जहां से टोली पंय्या का चीर लेकर माल रोड, बस अड्डा, धारा रोड होते हुए रामलीला मैदान लौटी। कंडारस्यूं टीला होल्यारों के साथ यहां मौजूद अतिथियों व लोगों ने होली गीत गाए और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर पूर्व जिपं अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, लोक गायक मनोज रावत अंजुल, पूर्व प्रमुख पौड़ी दीपक कुकसाल, नवल किशोर, सभासद संगीता रावत सहित कई होल्यार मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह