रेलवे स्टेशन पर ऑटो-विक्रम के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया
हरिद्वार, 28 सितंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और ऑटो, विक्रम व ई-रिक्शा की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया बनाने तथा यात्रियों के लिए पिक-अप और ड्रॉप व्यवस्था विकसित करने की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
निरीक्षण में नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा, क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी और यातायात निरीक्षक संदीप नेगी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने पाया कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है। इसे देखते हुए ऐसी व्यवस्था बनाने पर विचार किया गया, जिसमें स्टेशन के पिक-अप क्षेत्र में एक समय में आवश्यकता के अनुसार सीमित संख्या में ही ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा प्रवेश कर सकें। बाकी वाहनों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में खड़ा कराया जाएगा।
इस व्यवस्था से स्टेशन के सामने वाहनों की भीड़ कम करने के साथ यात्रियों के लिए पिक-अप और ड्रॉप की सुविधा को भी सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा। स्थलीय निरीक्षण के बाद प्रशासन ने 29 सितंबर को ऑटो-विक्रम यूनियन और ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया है। बैठक में यूनियनों के सुझाव लिए जाएंगे और इसके आधार पर होल्डिंग एरिया, पिक-अप-ड्रॉप प्वाइंट तथा वाहनों के संचालन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि आपसी समन्वय से ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात का निर्बाध संचालन हो और यात्रियों के साथ वाहन चालकों को भी व्यवस्थित सुविधा मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला