एशिया कप विजेता भारतीय हॉकी टीम में गुरुकुल कांगड़ी का चिराग

 


हरिद्वार, 14 सितंबर (हि.स.)। चीन में आयोजित जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब जीत लिया है। एशिया कप विजेता टीम में गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र चिराग भी शामिल रहे, जिन्हें हॉकी इंडिया ने डिफेंडर के रूप में टीम में जगह दी थी।

भारतीय टीम ने पूल चरण में शानदार प्रदर्शन किया। इंडोनेशिया को 14-0, दक्षिण कोरिया को 7-3 और चीनी ताइपे को 15-0 से हराया, जबकि जापान से मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा। सेमीफाइनल में भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से शिकस्त देकर लगातार चौथी बार जूनियर एशिया कप पर कब्जा किया।

चिराग के चयन और जीत पर गुरुकुल कांगड़ी में खुशी का माहौल है। कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि यह पूरे विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है और चिराग की सफलता उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जो अन्य छात्रों को प्रेरित करेगी। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डॉ. अजय मलिक ने भी इसे विभाग की बड़ी उपलब्धि बताया।

13 सितंबर भारतीय हॉकी के लिए दोहरी खुशी लेकर आया। इसी दिन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने भी फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर एशिया कप जीत लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला