चीनी की जमाखोरी रोकने को 13 टीमों ने विभिन्न स्थानों पर की छापेमारी

 


पौड़ी गढ़वाल, 27 अगस्त (हि.स.)। चीनी की जमाखोरी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने तथा बाजार में इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जनपदभर में व्यापक अभियान चलाया। अभियान के तहत विभाग की 13 टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण व छापेमारी कर चीनी के स्टॉक एवं उपलब्धता की जांच की।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, लैंसडाउन, बीरोंखाल, दुगड्डा, यमकेश्वर, सतपुली, पाबौ, ऊफरैंखाल, जडाऊखांद और चाकीसैंण समेत विभिन्न क्षेत्रों में थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, बड़े मिष्ठान भंडारों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध चीनी की मात्रा, अभिलेखों में दर्ज स्टॉक और माह के दौरान हुई बिक्री का मिलान किया गया। टीमों ने व्यापारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित मात्रा में ही चीनी का स्टॉक रखने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध भंडारण और जमाखोरी से दूर रहने की कड़ी हिदायत दी।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति पर विभाग लगातार नजर रख रहा है। जमाखोरी रोकने और बाजार में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह