गढ़वाल विश्वविद्यालय में तीसरे, पांचवें व सातवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए पोर्टल पुनः खुला

 


श्रीनगर (गढ़वाल), 15 सितंबर (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के परिसरों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने का पोर्टल पुनः खोल दिया गया है।

विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय के अनुसार, द्वितीय सेमेस्टर और बैक पेपर परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद निर्धारित न्यूनतम क्रेडिट आवश्यकता पूरी करने वाले विद्यार्थी ही प्रवेश के लिए पात्र होंगे। पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन फीस जमा करने का पोर्टल 14 सितंबर को पुनः खोला गया है।

विद्यार्थियों को संबंधित प्रवेश समितियों से संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने और निर्धारित शुल्क जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने मंगलवार को विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। सूचना विश्वविद्यालय के सभी डीन, कैंपस निदेशकों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय