मुक्तेश्वर से 66 प्रतिभागियों ने शुरू की 658 किमी की एमटीबी साइकिल यात्रा

 


18 राज्यों के 66 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन

नैनीताल, 20 नवंबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को मुक्तेश्वर से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुक्तेश्वर से प्रतियोगिता की शुरुआत होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के प्रयासों की सराहना करते हुए कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उनके कार्यों का उल्लेख किया।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए करीब 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। इसमें 18 राज्यों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के लिए 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन विभिन्न कारणों से 14 प्रतिभागी शामिल नहीं हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल साइकिलिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म और माउंटेन साइक्लिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना भी है। इसके माध्यम से खेल, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर राज्य की वैश्विक पहचान मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

गर्ब्याल ने बताया कि सरकार उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के साथ शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। स्थानीय युवाओं को गाइड, होमस्टे, परिवहन और खानपान जैसी सेवाओं से जोड़ने की भी योजना है। इसके अलावा प्रतिभागियों को प्रदेश की लोकसंस्कृति, लोककला, खानपान और परंपराओं से परिचित कराने तथा स्थानीय उत्पादों और कम प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, केएमवीएन प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढैला, पर्यटन विकास परिषद की सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा और जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी