उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण की कई परियोजनाओं को 2027-28 में मंजूरी का लक्ष्य

 


देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और चौड़ीकरण से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने की दिशा में केंद्र सरकार ने कदम बढ़ाए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पत्र के जवाब में बताया कि केंद्र ने कई महत्वपूर्ण राजमार्गों के चौड़ीकरण कार्यों को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री धामी ने सितंबर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के तहत प्रस्तावित स्केप टनलों को दो लेन के मोटर वाहन यातायात के अनुकूल बनाने का अनुरोध किया था। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ने पत्र के माध्यम से उन्हें जानकारी दी।

गडकरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। चम्पावत बाईपास (10 किलोमीटर) का निर्माण प्रगति पर है, जबकि लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य है। राष्ट्रीय राजमार्ग-109के के तहत जौलजीबी से बागेश्वर तक 190 किलोमीटर मार्ग में जौलजीबी-बंगापानी के 29 किलोमीटर हिस्से का कार्य स्वीकृत हो चुका है। बंगापानी से बागेश्वर तक शेष 160 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। इसे भी वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।

इसी तरह बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक 108 किलोमीटर मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण की डीपीआर पूरी हो चुकी है और इसके लिए भी वर्ष 2027-28 में स्वीकृति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के अंतर्गत ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। उत्तरकाशी से गंगोत्री तक 100 किलोमीटर मार्ग में से 14 किलोमीटर का कार्य स्वीकृत है, जबकि शेष 86 किलोमीटर के कार्य को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाओं से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और सामरिक दृष्टि से भी राज्य को लाभ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय