हरिद्वार पुलिस को मिली सौगात, तीन जगह लगेंगे हाईटेक ट्रैफिक सहायता बूथ

 


हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह की पहल पर हरिद्वार पुलिस को तीन हाईटेक ट्रैफिक सहायता बूथ मिले हैं। जयपुर के मानसरोवर स्थित आवास फाउंडेशन ने ये बूथ उपलब्ध कराए हैं।

ये बूथ पंतद्वीप पार्किंग, आनंद वन समाधि और प्रेमनगर आश्रम चौक पर स्थापित किए जाएंगे।

बूथों का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक क्राइम निशा यादव द्वारा किया गया। पूरी व्यवस्था सीओ ट्रैफिक बिपेन्द्र और निरीक्षक यातायात संदीप नेगी के पर्यवेक्षण में की गई।

फाउंडेशन द्वारा दिए गए बूथों में एसी, वाटर डिस्पेंसर, वाटर कूलर, टेबल-कुर्सी, पंखा और डस्टबिन जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्यूटी करने वाले यातायातकर्मियों को भीषण गर्मी और सर्दी में राहत मिलेगी और वे बेहतर वातावरण में कर्तव्य निर्वहन कर सकेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने इसे जनसहयोग से बेहतर यातायात और सुरक्षित हरिद्वार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला