राज्य के सभी जिला अस्पतालों में बनेंगे ‘हीट स्ट्रोक’ पीड़िताें के लिए विशेष रूम
देहरादून, 22 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों की चिकित्सा इकाइयों में विशेष 'हीट स्ट्रोक रूम' स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। हीट वेव से बचने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
राज्य की स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा ने शुक्रवार काे बताया कि राज्य के सभी जिलाें में हीट स्ट्राेक के पीड़ित मरीजाें के लिए विशेष रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन प्रत्येक हीट स्ट्रोक रूम में आइस पैक, आईवी फ्लूइड, ओआरएस सॉल्यूशन, आवश्यक दवाइयां और वेंटिलेटर जैसी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को हीट स्ट्रोक से संबंधित आपातकालीन उपचार एवं प्रबंधन के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत पोस्टर, पंपलेट और प्रचार सामग्री सभी जिलों में भेजी गई है। उन्हाेंने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय