अनशनकारी भट्ट और बुटोला के स्वास्थ्य में लगातार आ रही गिरावट

 


नई टिहरी, 16 नवंबर (हि.स.)। मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बौराड़ी के गणेश चौक में नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट और छात्र नेता राहुल बुटोला का डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने सरकार से समस्या हल करने की मांग की।

मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर गणेश चौक में पांचवें दिन भी अनशन जारी रहा। जिला अस्पताल सोमवार को बौराड़ी जिला अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश डोभाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने धरना स्थल पर जाकर अनशकारियों के वजन, बीपी, शूगर आदि की जांच की।

खून और पेशाब के सैंपल लिए। बताया अनशनकारियों के स्वास्थ्य में गिरावट आने के साथ वजन में भी कमी आई है। वहीं संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डा. भूषण गोदियाल, सह संयोजक भगवान सिंह रावत ने कहा कि दोनों अनशनकारियों की स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे उन्हें कई प्रकार की दिक्कतें हो रही हैं। कहा कि शासन-प्रशासन के अडियल रवैये के कारण समिति से जुड़े लोगों को भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा है।

अनशन के पांच दिन बाद भी सरकार की ओर से मामले में कोई सकारात्मक पहल किए जाने से लोगों में आक्रोश बना है। बताया मंगलवार को संघर्ष समिति की एक टीम स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के साथ वार्ता के लिए देहरादून जाएगी। जिसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर चंडी प्रसाद डबराल, त्रिलोक चंद रमोला, देवेंद्र नौडियाल, भगवान चंद रमोला, कमल सिंह महर, कुलदीप पंवार, लखवीर चौहान, राकेश राणा मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी