चंपावत केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, कर्मभूमि है: मुख्यमंत्री

 




-चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

चंपावत, 20 अगस्त (हि. स.)। जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण करते हुए कहा कि यह सुविधा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है। जिले में पहली बार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा उपलब्ध हुई है। इ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है। जिले में पहली बार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।

उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य जारी है।

धामी ने कहा कि जिले में सड़क, पार्किंग, पेयजल और ड्रेनेज जैसी आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। चंपावत रोडवेज स्टेशन पर 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम तथा 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देंगी। सरकार चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिला चिकित्सालय चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से गंभीर एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने के साथ ही अन्य जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, चंपावत विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, वर्चुअल माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनन्द सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, नगर पालिका परिषद चंपावत की अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अध्यक्ष गोविन्द वर्मा, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना, हेमा जोशी, किरन देवी, ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोहरा, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी