उत्तराखण्ड में हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग व वैक्सीनेशन का शेड्यूल जारी

 


हरिद्वार, 26 मार्च (हि.स.)। हज़-2026 के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के हज यात्रियों की सुविधा के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह प्रक्रिया अलग-अलग जनपदों में निर्धारित तारीखों पर कराई जाएगी।

उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने बताया कि हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल के हज आवेदकों का मेडिकल परीक्षण एवं वैक्सीनेशन 27 मार्च 2026 को सुबह 09 बजे से उप जिला चिकित्सालय रुड़की में होगा। देहरादून के हज यात्रियों के लिए 28 मार्च 2026 को सुबह 09 बजे से जिला चिकित्सालय कोरोनेशन, डालनवाला में यह प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।ऊधमसिंह नगर जनपद के जसपुर, काशीपुर और बाजपुर क्षेत्र के आवेदकों का वैक्सीनेशन 31 मार्च 2026 को उप जिला चिकित्सालय एल.डी. भट्ट, काशीपुर में किया जाएगा। वहीं रुद्रपुर, गदरपुर, लालपुर, किच्छा, पंतनगर, खटीमा, सितारगंज तथा चम्पावत जनपद के हज यात्रियों का मेडिकल परीक्षण 31 मार्च को ही पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में होगा।नैनीताल और अल्मोड़ा जनपद के हज यात्रियों के लिए 1 अप्रैल 2026 को सुबह 09 बजे से बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन किया जाएगा।

हज समिति अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ खान ने बताया कि सभी हाजियों को उनकी निर्धारित तिथि की सूचना मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।उन्होंने हाजियों से अपील की है कि वे तय तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन कराएं, जिससे हज यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला