एसएमजेएन पीजी कॉलेज में हरित जीवन संकल्प अभियान का शुभारंभ
हरिद्वार, 17 अक्टूबर (हि.स.)। एसएमजेएन पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से शनिवार को हरित जीवन संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का लक्ष्य जन्मदिन पर पौधारोपण एवं वर्ष भर संरक्षण रखा गया है।
प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कॉलेज के सभी प्राध्यापकों और एनएसएस स्वयंसेविकाओं को अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा लगाने और पूरे वर्ष उसकी देखभाल करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस छात्रा सलोनी ने कॉलेज परिसर में औषधीय पौधा अश्वगंधा रोपकर किया।
प्राचार्य ने कहा कि यह अभियान केवल आज का प्रयास नहीं है, बल्कि इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षित और संरक्षित रहेगा।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हरिद्वार के प्रथम मेयर मनोज गर्ग ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय और अनुकरणीय कदम बताया। आईक्यूएसी के डॉ. संजय माहेश्वरी ने छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदमावती तनेजा ने बताया कि वह स्वयं पिछले कुछ वर्षों से अपने जन्मदिन पर पौधा रोपण कर रही हैं।
उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती को रेखांकित करते हुए छात्राओं को इस हरित परंपरा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर डॉ. विनय थपलियाल, डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. मनोज सोही, डॉ. विजय शर्मा, प्रिंस श्रोत्रिय, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. पुनिता शर्मा, रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, डॉ. गीता शाह, अंकित बंसल सहित कई छात्राएं मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला