बकायेदारों के कनेक्शन काटे, मीटर जांच से मचा हड़कंप
हरिद्वार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली चोरी और बकाया बिलों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार को ताबड़तोड़ अभियान चलाया। एसडीओ गिन्नी रानी और अवर अभियंता पवन सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीण क्षेत्र में छापेमारी कर बकायेदारों के कनेक्शन काटे। जांच के दौरान चार लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया।
टीम ने ग्राम कुंहारी एवं भोवापुर चमरावल में घर-घर जाकर मीटरों और कनेक्शनों की जांच की। चार घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने बिजली चोरी के सभी मामलों में थाना लक्सर में तहरीर रिपोर्ट दर्ज कराई है। अचानक हुई बिजली विभाग की कार्रवाई से बकायेदारों और चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।
एसडीओ गिन्नी रानी ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा उपभोक्ता समय पर बिल जमा करें और चोरी से दूर रहें। चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शा नहीं जाएगा।
टीमें प्रतिदिन गांवों में जांच करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला