हरिद्वार को तीन नई रेल सेवाओं की सौगात, गरीब रथ का भी हुआ विस्तार
-बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ अब हरिद्वार तक चलेगी, वेरावल और ओखा के लिए भी शुरू होंगी एसी एक्सप्रेस
देहरादून, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में केंद्र सरकार ने हरिद्वार को तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इन सेवाओं को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी है। इन रेल सेवाओं के शुरू होने से हरिद्वार की देश के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों से सीधी रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी। गरीब रथ के हरिद्वार तक विस्तार से हरिद्वार आने वाले यात्रियों को मुंबई क्षेत्र से बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। वहीं, हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस के जरिए उत्तराखंड का संपर्क गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र से सीधे जुड़ेगा। हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस से गुजरात के पश्चिमी हिस्से और द्वारका क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने इन तीनों रेल सेवाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल सेवाओं से हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच और सुगम होने की उम्मीद है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय