कुंभ 2027: हरिद्वार पहुंचे मुख्य सचिव, अरबेनिया वाहन में घूमकर देखा निर्माण

 


हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन गुरुवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन में रोड़ी-बेलवाला से रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप से लेकर सीसीआर टावर तक विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी कार्य तय समय में पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

मुख्य सचिव ने रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में उत्तराखण्ड निवेश एवं अवस्थापना विकास बोर्ड की प्रशासनिक मार्ग परियोजना तथा हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। प्रशासनिक मार्ग के लिए 4325.14 लाख और हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन के लिए 6677.21 लाख रुपये स्वीकृत हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल की अनुबंध अवधि पूरी होने के बाद परिसंपत्तियों के स्थायी रख-रखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभाग को सौंपने की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जाए और इसका मसौदा शासन को भेजा जाए।

उन्होंने हाथी पुल से अलकनंदा के बीच घाटों के पुनर्निर्माण कार्यों को देखा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग और चेन लगाने तथा पैदल आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए। ऋषिकुल क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग के नवीनीकरण का निरीक्षण करते हुए फुटपाथ और हरियाली विकसित करने पर जोर दिया। दूधाधारी चौक से ज्वालापुर समेत शहर की आंतरिक सड़कों के नवीनीकरण के लिए 2164.49 लाख रुपये स्वीकृत हैं। इसके बाद शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहा सुधार और पैदल फुटपाथ कार्य का निरीक्षण किया, जिसकी लागत 683.60 लाख है।

रोशनाबाद में मुख्य सचिव ने 251.98 लाख की लागत से निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में 60 मीटर स्पान के पुल का निरीक्षण किया, जिसकी लागत 1246.09 लाख है। सीसीआर-2 भवन का निरीक्षण कर कुंभ शुरू होने से पहले कार्य पूरा करने के लिए दिन-रात काम कराने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बाद में डामकोठी में बैठक कर उन्होंने सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की और कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन व मशीनरी लगाकर गति बढ़ाने के निर्देश दिए। गुणवत्ता जांच के लिए नियुक्त एजेंसियों टीयूवी एसयूडी, क्वालिटी ऑस्ट्रिया और ब्यूरो वेरिटास के टीम लीडर्स से प्रगति की जानकारी ली और सख्त जांच के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि सभी कार्य टाइमलाइन के अनुरूप चल रहे हैं, पुलों का सुरक्षा ऑडिट हो चुका है और आईआईटी रुड़की से भी जांच का आग्रह किया गया है। सीसीआर-2 की जांच केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान से भी कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला