अर्धकुंभ-2027 से पहले हरिद्वार को जाम से मिलेगी राहत
हरिद्वार, 26 जून (हि.स.)।
हरिद्वार को आगामी अर्धकुंभ-2027 से पहले जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की दो महत्वाकांक्षी परियोजनाएं—स्पर टू हरिद्वार और हरिद्वार बाईपास (पैकेज-1)—अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। 51 किलोमीटर लंबी छह-लेन स्पर टू हरिद्वार परियोजना का लगभग 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 15 किलोमीटर लंबे हरिद्वार बाईपास का 77 प्रतिशत निर्माण पूर्ण हो गया है।
स्पर कॉरिडोर दिल्ली–देहरादून आर्थिक गलियारे को हरिद्वार से जोड़ते हुए बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश से पहले वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगा। वहीं, बाईपास के शुरू होने से हर की पैड़ी, चंडी चौक, शंकराचार्य चौक सहित शहर के भीतरी हिस्सों में यातायात का दबाव कम होगा।
इसके साथ ही पुरकाजी, फलौदा, मंगलौर, बहादराबाद और ज्वालापुर में फ्लाईओवर, अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। एनएचएआई एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) भी लागू कर रहा है, जिससे यातायात की रियल-टाइम निगरानी और आपातकालीन सहायता सुनिश्चित होगी।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से अर्धकुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा, शहर को जाम से राहत और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के साथ धार्मिक पर्यटन व स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला