हरेला पर्व पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प: प्रशासन व पुलिस ने किया पौधरोपण

 




हरिद्वार, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जनपद हरिद्वार में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय परिसर रोशनाबाद में फलदार अमरूद का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया।

उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने भी पूरे जनपद में हरेला पर्व मनाया।

पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय रोशनाबाद, विभिन्न थानों और शाखाओं में वृक्षारोपण किया गया। पुलिस लाइन में कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने किया।

अभियान में पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट कांस्टेबलों ने जामुन, आंवला, अमरूद, आम, लीची व शीशम सहित लगभग 500 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। सीओ लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक प्रवीन आलोक ने हरेला के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया। साथ ही पूर्व में लगाए गए पौधों का निरीक्षण भी किया गया।

पुलिस संचार स्टाफ और सिटी कंट्रोल रूम ने भी सीसीआर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

एसपी नवनीत सिंह ने बताया कि यह अभियान केवल हरेला तक सीमित नहीं रहेगा। पूरे श्रावण मास में कम से कम 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जनपद को हराभरा बनाया जा सके।

जिला प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। हरेला पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला