गुम मोबाइल पाकर खिले चेहरे, पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान
हरिद्वार, 27 सितंबर (हि.स.)। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उन्हें वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब रानीपुर पुलिस ने तकनीकी माध्यम से तलाश कर उनके मोबाइल फोन वापस सौंप दिए। पुलिस ने सितंबर माह में करीब दो लाख रुपये कीमत के 10 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों के सुपुर्द किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रही है। इसके लिए केंद्रीय उपकरण पहचान पंजी पोर्टल की मदद ली जा रही है। पुलिस ने पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए गुम मोबाइल की शिकायतों पर तकनीकी स्तर से जांच शुरू की।
जांच के दौरान अलग-अलग लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर उनकी तलाश की गई। पुलिस टीम की मेहनत से सितंबर 2026 में कुल 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल फोन वापस मिलने पर उनके स्वामियों ने खुशी जताते हुए पुलिस का धन्यवाद किया। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली, जो मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और केंद्रीय उपकरण पहचान पंजी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि गुम हुए मोबाइल को तलाशकर वापस दिलाने की कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला