धामी सरकार के चार साल में केंद्र से मिली महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी
देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्षों के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से कई प्रमुख विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इस अवधि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के चलते आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी और जल संसाधन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है।
राज्य में वर्तमान में केंद्र के सहयोग से लगभग दो लाख करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिनसे प्रदेश के आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से लंबित जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं को भी अंतिम मंजूरी मिलने के बाद जलापूर्ति, सिंचाई और शहरी विकास को गति मिलने की संभावना है।
रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति सामने आई है। उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों को ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को केंद्र की मंजूरी मिलना कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लगभग 48 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना भी तेजी से पूर्णता की ओर अग्रसर है।
सड़क और रोप-वे परियोजनाओं में भी तेजी देखी गई है। दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, नजीबाबाद-अफजलगढ़ बाईपास और सितारगंज-टनकपुर मोटरमार्ग जैसे प्रोजेक्ट्स पर कार्य आगे बढ़ा है। इसके अतिरिक्त गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिलने के बाद कार्य प्रारंभ होने की प्रक्रिया में है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋषिकेश में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का राफ्टिंग प्लेटफॉर्म विकसित किया जा रहा है, जिससे राज्य की पर्यटन क्षमता को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और गांव-गांव तक सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए तैयार है।
दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं प्रगति पर है। जिसमे टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को मंजूरी, 11 रेलवे स्टेशन ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना में शामिल, जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं को स्वीकृति, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड सहित प्रमुख सड़क परियोजनाओं को गति, ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय राफ्टिंग प्लेटफॉर्म का निर्माण जारी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय